
Rudrapur Crime : Ludo Dispute : Murder Case, Uttarakhand Crime : शहर के खेड़ा इलाके में लूडो खेलने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। ईदगाह मैदान में दोस्तों के साथ लूडो खेल रहे एक युवक ने मोहल्ले के ही युवक को छोटा बताते हुए खेल में शामिल करने से मना कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज युवक ने उसके सिर पर ईंट से हमला कर दिया।
हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया….जहां हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार खेड़ा निवासी 27 वर्षीय शाहनवाज 12 अगस्त की रात खाना खाने के बाद ईदगाह मैदान गया था। वहां वह अपने दोस्तों के साथ लूडो खेल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले का गोलू वहां पहुंचा और लूडो खेलने की बात कही।
बताया जा रहा है कि शाहनवाज ने उसे उम्र में छोटा बताते हुए खेलने से मना कर दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद गोलू दोबारा वहां आया और पीछे से शाहनवाज के सिर पर ईंट से वार कर दिया।
ईंट लगने से शाहनवाज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर गया। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। परिजन घायल शाहनवाज को अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गुरुवार रात उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई…जिसके बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ सिटी विभव सैनी के अनुसार, मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपी गोलू के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।






