CM Corner

उत्तराखंड में जनगणना शुरू: CM धामी ने परिवार संग भरा फॉर्म, आपके घर भी आएंगे ये सवाल

Ad

Uttarakhand Census2027 : CM Dhami : Self Enumeration : उत्तराखंड में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार लोगों को अपनी और परिवार की जानकारी दर्ज कराने के लिए सरकारी कर्मचारियों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार ने डिजिटल स्वगणना की सुविधा शुरू कर दी है। इसके तहत प्रदेशवासी 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे ऑनलाइन अपनी जनगणना कर सकते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में अपने परिवार के साथ डिजिटल स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने प्रदेश के लोगों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना से मिलने वाले आंकड़े प्रदेश के विकास की योजनाएं तैयार करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य में जनसंख्या का सही आंकड़ा होना बेहद जरूरी है। इससे पर्वतीय और दूरस्थ इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल जैसी सुविधाओं की जरूरत का आकलन करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वगणना की सुविधा से लोग खुद अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इससे जनगणना की प्रक्रिया आसान होगी और लोगों की सीधी भागीदारी भी सुनिश्चित होगी। सीएम ने अपील की कि सभी परिवार तय समय के भीतर स्वगणना जरूर करें और बाद में घर पहुंचने वाले प्रगणकों को भी पूरा सहयोग दें।

उत्तराखंड में हिमाच्छादित क्षेत्रों को छोड़कर बाकी प्रदेश में 16 से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्वगणना की जा रही है। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर परिवार का विवरण दर्ज किया जा सकता है।

इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। इस दौरान वे परिवारों से जानकारी जुटाएंगे।

डिजिटल स्वगणना के दौरान लोगों को परिवार के सदस्यों की व्यक्तिगत, सामाजिक और आर्थिक जानकारी देनी होगी। इसमें नाम, माता-पिता का नाम, उम्र, जन्मतिथि, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, मातृभाषा और राष्ट्रीयता से जुड़े सवाल शामिल हैं।

इसके अलावा परिवार के सदस्यों की शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, काम की प्रकृति, आयु, दिव्यांगता और आर्थिक गतिविधियों की जानकारी भी मांगी जाएगी। महिलाओं से बच्चों की संख्या, विवाह के समय उम्र और पिछले एक साल में हुए जीवित जन्म से जुड़े सवाल होंगे।

जनगणना फॉर्म में जन्म स्थान, पिछला निवास, वर्तमान पते पर रहने की अवधि और प्रवास का कारण भी पूछा जाएगा। वहीं मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की जानकारी भी मांगी गई है। ये विवरण उपलब्ध होने पर दर्ज किए जा सकते हैं।

डिजिटल साक्षरता, बैंक खातों की संख्या, काम के स्थान तक पहुंचने में लगने वाली दूरी और समय तथा कोविड-19 टीकाकरण से जुड़ी जानकारी भी फॉर्म का हिस्सा है।

जनगणना के लिए समय सीमा का ध्यान रखें। 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्वगणना करने के बाद 1 दिसंबर से घर आने वाले प्रगणकों को भी सही जानकारी उपलब्ध कराएं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top