
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए चारधाम यात्रा को दो दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी रेड अलर्ट और भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया गया है। चारधाम यात्रा 26 सितंबर की दोपहर से 27 सितंबर 2026 तक स्थगित रहेगी।
चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन, चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश की ओर से इस संबंध में गढ़वाल मंडल के सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों में मौसम विज्ञान केंद्र की सूचना और उत्तराखंड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के पूर्वानुमान के आधार पर प्रदेश में रेड अलर्ट की स्थिति का हवाला दिया गया है।
देश-विदेश से चारधाम दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंच रहे श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला लिया गया है। सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम सामान्य होने के बाद चारधाम यात्रा दोबारा शुरू करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
मौसम विभाग ने 26 सितंबर को उत्तराखंड के पांच जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर शामिल हैं।
इसके अलावा देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल के लिए येलो अलर्ट है।
27 सितंबर को मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और हरिद्वार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखा है। अब मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद ही चारधाम यात्रा को दोबारा शुरू करने के संबंध में आगे का निर्णय लिया जाएगा।






