Uttarakhand News

चमोली हादसे में मुख्यमंत्री धामी ने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का किया ऐलान

देहरादून: चमोली में नमामि गंगे प्लांट पर हुए हादसे में 16 लोगों की मौत हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली घटना में मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 1-1 लाख रुपए की राहत राशि अविलंब प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। इस घटना पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने फोन कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने मैजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। घायलों को एम्स ऋषिकेश हेलीकॉप्टर से लाया गया है।

प्रधानमंत्री कार्यालय को भी घटना की पूरी जानकारी दी गईं है। पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के चमोली में हुए हादसे से बहुत दुख हुआ है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना प्रकट करने के साथ ही सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत चमोली पहुंचे हैं। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना।

चमोली में हुए हादसे पर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी मुरुगेशन ने कहा है कि साइट पर देर रात एक व्यक्ति की मौत के बाद स्थानीय चौकी इंचार्ज और होमगार्ड सबका पंचनामा करने के लिए साइट पर गए थे। वहां पर गांव वाले मौजूद थे। इसी दौरान साइट पर करंट फैलने से हादसा हुआ है, जिनमें से 16 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें एक सब इंस्पेक्टर और तीन होमगार्ड भी शामिल हैं। घायलों का इलाज चल रहा है। दो की हालत गंभीर है जिन्हें एयर एंबुलेंस से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। चमोली पुलिस के अनुसार इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 10 लोग घायल हैं।

To Top