Sports News

रणजी में फिरकी के मैजिक के बाद अब इंग्लैंड में खेलेंगे उत्तराखंड के मिश्रा जी

Ad

रुद्रपुर: खेल के मैदान पर शानदार खेल दिखाकर उत्तराखंड क्रिकेट टीम के युवा खिलाड़ी लगातार नाम बना रहे हैं। एक बार फिर एक अच्छी खबर क्रिकेट के मैदान से आई है। हाल ही में खेले गए रणजी ट्रॉफी के लीग मुकाबलो में अपनी फिरकी गेंदबाजी से विरोधी बल्लेबाजों को ढेर करने वाले मयंक मिश्रा क्रिकेट खेलने इंग्लैंड जाएंगे। रुद्रपुर निवासी मयंक मिश्रा का चयन ड्रिफील्ड टाउन क्रिकेट क्लब के लिए हुआ है। इसके लिए उन्हें सीएयू से अनुमति भी मिल गई है।

ADVERTISEMENTS Ad

बता दें कि इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड की ओर से आयोजित कराई जाने वाली काउंटी चैंपियनशिप में पहले भी मयंक मिश्रा जलवा दिखा चुके हैं। उत्तराखंड क्रिकेट टीम के लेफ्ट आर्म स्पिनर मयंक मिश्रा राज्य की टीम के लिए हैट्रिक लेने वाले पहले खिलाड़ी भी हैं। गौरतलब है कि मयंक मिश्रा रुद्रपुर निवासी हैं लेकिन वह हल्द्वानी में ही अभ्यास करते हैं। रणजी ट्रॉफी के इस सीजन (2021-22) में मयंक मिश्रा ने अबतक 16 विकेट चटकाए है।

तीन मुकाबलों में 16 विकेट लेने वाले मयंक ने राजस्थान के खिलाफ 11 विकेट झटके थे। उन्होंने पहली पारी में सात और दूसरी पारी में चार विकेट लिए थे। इसके अलावा मयंक ने आंध्रा प्रदेश के खिलाफ तीन और सर्विसेज के खिलाफ दो विकेट चटकाए थे। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड टीम इस बार तीन में से दो मैच जीतकर रणजी ट्रॉफी के इतिहास में दूसरी बार नॉकआउट में पहुंची है।

अब आईपीएल के बाद ही नॉकआउट मुकाबले खेले जाने हैं। ऐसे में उत्तराखंड क्रिकेट टीम के तीन खिलाड़ियों का चयन इंग्लैंड की काउंटी लीग के लिए हो गया है। अब क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने मयंक मिश्रा, दीक्षांशु नेगी और जय बिस्टा को इंग्लैंड में खेलने जाने के लिए एनओसी भी दे दी है। मयंक मिश्रा ड्रिफील्ड टाउन क्रिकेट क्लब के लिए खेलने वाले हैं और इसमें कोई शक नहीं कि उन्हें विदेसी पिच पर खेलकर काफी अनुभव मिलेगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top