Udham Singh Nagar News

उत्तराखंड: पति की मौत का रचा ऐसा खेल कि पुलिस भी रह गई हैरान, 48 घंटे में खुला पूरा राज

Ad

Crime News | Udham Singh Nagar | Rudrapur : ऊधम सिंह नगर जिले के प्रतापपुर इलाके में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है। जिस घटना को शुरुआत में सड़क हादसा माना जा रहा था…जांच में वह हत्या का मामला निकला। पुलिस के अनुसार, मामले में मृतक की पत्नी और दो किशोरों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त को प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में एक कार संदिग्ध हालत में खड़ी मिली थी। कार के अंदर एक युवक का शव पड़ा था। मृतक की पहचान कुंडेश्वरी क्षेत्र के रहने वाले संजीव कुमार के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम में सामने आई गोली लगने की बात

शुरुआत में पुलिस को मामला सड़क दुर्घटना का लगा, लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान शव में गोली लगने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की। जांच में सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ को भी शामिल किया गया।

पुलिस ने मृतक की पत्नी निशा से पूछताछ की तो उसके बयानों में अंतर सामने आया। इसके बाद पुलिस ने संजीव की दुकान पर काम करने वाले दो किशोरों से भी पूछताछ की।

प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की साजिश का आरोप

एसएसपी अजय गणपति ने कहा पुलिस जांच में पत्नी के एक किशोर के साथ कथित प्रेम संबंध की बात सामने आई। पुलिस का दावा है कि इसी वजह से संजीव को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।

पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को संजीव अपनी कार से जन्मदिन की पार्टी के लिए निकले थे। आरोप है कि कार में पीछे बैठे किशोर ने संजीव को गोली मार दी। इसके बाद कार को सुनसान स्थान पर छोड़ दिया गया और घटना को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।

पत्नी और दो किशोर गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी निशा और दोनों किशोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कथित वारदात में इस्तेमाल तमंचा, खोखे और कारतूस भी बरामद करने की बात कही है।

पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। एसएसपी ने 48 घंटे में मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना की है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top