Bageshwar News

उत्तराखंड: बच्चे की मौत के बाद पिता ने नहीं मानी हार, कोर्ट पहुंचा मामला तो 7 पर FIR

Ad

Bageshwar Hospital | Medical Negligence | FIR : बागेश्वर जिला अस्पताल में 14 माह के बच्चे की मौत के करीब एक साल पुराने मामले में अब पुलिस ने कार्रवाई की है। कोर्ट के आदेश के बाद चमोली में दर्ज जीरो एफआईआर को बागेश्वर ट्रांसफर किया गया। इसके बाद पुलिस ने उपचार में लापरवाही और एंबुलेंस उपलब्ध कराने में देरी के आरोप में दो डॉक्टरों समेत सात स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला चमोली जिले के थराली क्षेत्र का है। चिड़िंगा खालसा निवासी दिनेश चंद्र जोशी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 जुलाई 2025 को उनके 14 माह के बेटे शिवांश की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। परिजन बच्चे को ग्वालदम और बैजनाथ होते हुए जिला अस्पताल बागेश्वर लेकर पहुंचे।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में बच्चे को समय पर उपचार नहीं मिल सका और एंबुलेंस उपलब्ध कराने में भी देरी हुई। इसी दौरान बच्चे की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद पिता ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस-प्रशासन और शासन के स्तर पर लगातार प्रयास किए।

कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुई FIR

मामले में चमोली जिला न्यायालय के आदेश के बाद थराली थाना पुलिस ने 18 जुलाई को जीरो एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद मामला बागेश्वर पुलिस को भेजा गया। अब बागेश्वर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दो डॉक्टर समेत सात लोग नामजद

एसपी जितेंद्र मेहरा ने कहा कि मामले में जिला अस्पताल के डॉक्टर भूपेंद्र घटियाल और डॉक्टर अमित कुमार के अलावा नर्सिंग अधिकारी महेश कुमार और हिमानी, वार्ड बॉय सूरज सिंह कनवाल तथा एंबुलेंस स्टाफ ईश्वर सिंह टोलिया और लक्ष्मण कुमार को नामजद किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top