Uttarakhand News

उत्तराखंड : आग बुझाने में जुटा था फॉरेस्ट गार्ड, अचानक पहाड़ी से गिरा और चली गई जान

Ad

ForestGuard | Uttarkashi | Sohan Singh Rawat : उत्तरकाशी जिले के पुरोला क्षेत्र में जंगल की आग बुझाने के दौरान एक फॉरेस्ट गार्ड की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग और मृतक के गांव में शोक का माहौल है।

ADVERTISEMENTS Ad

जानकारी के अनुसार टौंस वन प्रभाग के ठड़ूग बीट क्षेत्र में बुधवार शाम जंगल में आग लगने की सूचना मिली थी। आग की सूचना मिलते ही मंजियाली निवासी फॉरेस्ट गार्ड सोहन सिंह रावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के अभियान में जुट गए।

वन विभाग की टीम ने काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया। इसके बाद अन्य कर्मचारी अपने घर लौट गए…लेकिन सोहन सिंह रावत घर नहीं पहुंचे। देर रात तक उनके वापस न आने पर परिजनों और विभागीय अधिकारियों को चिंता हुई…जिसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।

गुरुवार सुबह वन विभाग की टीम ने जंगल क्षेत्र में खोजबीन की। इस दौरान सोहन सिंह रावत का शव जंगल में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग बुझाने के दौरान वह पहाड़ी से गिर गए थे…जिससे उनकी मौत हो गई।

वन विभाग के अधिकारियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। विभाग ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

सोहन सिंह रावत की अचानक मौत से उनके गांव और वन विभाग के कर्मचारियों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने भी उन्हें कर्तव्यनिष्ठ और मेहनती कर्मचारी बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top