
Nihang Sikhs | UttarakhandNews |HemkundSahib : उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर पिछले कुछ दिनों से चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार को पांवटा साहिब गुरुद्वारे में प्रशासन और निहंग सिखों के प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। करीब तीन घंटे तक चली इस वार्ता में दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बातें रखीं और शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में चर्चा की।
बैठक में उत्तराखंड प्रशासन की ओर से कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बातचीत के दौरान पूर्व पीसीएस अधिकारी हरबीर सिंह ने दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराने में अहम भूमिका निभाई। उनकी पहल से वार्ता सकारात्मक माहौल में आगे बढ़ी।
बैठक के बाद निहंग सिखों के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनकी मांगों पर विचार करने के लिए उत्तराखंड सरकार ने दो दिन का समय मांगा है। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद उन्होंने फिलहाल पांवटा साहिब गुरुद्वारे में ही रुकने का फैसला किया है।
प्रशासन की ओर से घायल निहंग के इलाज की व्यवस्था कराने, प्रतिनिधिमंडल को अस्पताल में मुलाकात कराने और हिरासत में मौजूद चार निहंगों से बातचीत कराने का भरोसा भी दिया गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति का माहौल बना।
वार्ता के बाद पांवटा-कुल्हाल चेकपोस्ट को दोबारा खोल दिया गया। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है…और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही कहा है कि मामले के समाधान के लिए सभी पक्षों के साथ बातचीत का सिलसिला जारी रहेगा।






