Udham Singh Nagar News

शादी पोर्टल पर धोखा, फिर दहेज और दुष्कर्म

Ad

Uttarakhand: Udham Singh Nagar: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने एक युवक को उस आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिसमें उसने शादी पोर्टल पर फर्जी नाम से प्रोफ़ाइल बनाकर युवती से विवाह किया और बाद में दहेज की मांग के साथ धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला।

ADVERTISEMENTS Ad

पीड़िता की शिकायत के अनुसार युवक ने खुद को “मनीष चौधरी” नामक हिंदू युवक बताते हुए शादी डॉट कॉम पर संपर्क किया। कुछ समय तक बातचीत के बाद 11 दिसंबर 2024 को दोनों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ। शुरूआत में सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ महीनों बाद आरोपी और उसके परिजनों ने दो लाख रुपये नकद, कार और सोने के आभूषण की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर पीड़िता को अपमानित किया गया, शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी गई तथा उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि वह शाकाहारी होने के बावजूद, उसे जबरन मांसाहार खाने के लिए मजबूर किया गया। इसी बीच 21 फरवरी 2025 को कथित पति, सास और ननदों ने मिलकर उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद जब उसने आरोपी की वास्तविक पहचान की जांच की, तो पता चला कि “मनीष चौधरी” नाम से शादी करने वाला युवक असल में मोनिश है और पहले से ही शादीशुदा है।

गंभीर आरोपों को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 सितंबर को आरोपी को दिनेशपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि उसके खिलाफ धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जबरन धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वर्तमान में आरोपी न्यायिक हिरासत में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top