
RudrapurGangRape | PoliceAction |UttarakhandCrime : उत्तराखंड के रुद्रपुर में चर्चित गैंगरेप मामले की जांच के दौरान मंगलवार को हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। क्राइम सीन का निरीक्षण कराने के बाद वापस लौट रहे दो आरोपियों ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। आरोपियों को भागता देख पुलिसकर्मी उनके पीछे दौड़े और कुछ ही दूरी पर उन्हें पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा और आरोपियों के साथ मारपीट हो गई। आरोपियों को काबू में करने के दौरान पुलिस ने भी बल प्रयोग किया।
जानकारी के अनुसार पुलिस दोनों आरोपियों को जांच के तहत घटनास्थल पर लेकर गई थी। वापसी के दौरान वाहन बदलने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी बीच दोनों आरोपियों ने मौके का फायदा उठाकर भागने का प्रयास किया…हालांकि पुलिस ने तुरंत पीछा कर उन्हें दबोच लिया।
आरोपियों के पकड़े जाने के दौरान घटनास्थल पर मौजूद लोगों की भीड़ भी आक्रोशित हो गई। लोगों ने आरोपियों को घेर लिया और उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया। आरोपियों को दोबारा काबू में करने के दौरान पुलिस ने भी बल प्रयोग किया। मौके का वीडियो सामने आया है….जिसमें पुलिसकर्मी आरोपियों को पीटते हुए और उन्हें नियंत्रण में लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।
हालात तनावपूर्ण होते देख अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया। पुलिस ने भीड़ को पीछे हटाकर दोनों आरोपियों को सुरक्षित वाहन में बैठाया और कड़ी सुरक्षा के बीच कोतवाली ले जाया गया। घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस हिरासत के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस आरोपियों को दोबारा नहीं पकड़ती…तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि वाहन बदलने के दौरान दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया था। पुलिस ने तत्काल पीछा कर उन्हें दोबारा गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि मौके पर भीड़ भी आक्रोशित हो गई थी….लेकिन पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण करते हुए आरोपियों को सुरक्षित हिरासत में ले लिया।
क्या है पूरा मामला?
25 जुलाई को रुद्रपुर के सिडकुल क्षेत्र में काम करने वाली एक युवती ने तीन युवकों पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बाद में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ…जबकि दो अन्य को जांच के लिए घटनास्थल ले जाया गया था। इसी दौरान दोनों ने भागने की कोशिश की….जिसके बाद यह पूरा घटनाक्रम सामने आया।






