
Ration Card Verification Uttarakhand | Pushkar Singh Dhami | Ayushman Card Fraud | Uttarakhand Government | Fake Documents Action : उत्तराखंड में फर्जी राशन कार्ड, आधार और आयुष्मान कार्ड से जुड़े मामलों के सामने आने के बाद सरकार सख्त एक्शन मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने पूरे प्रदेश में राशन कार्डों के व्यापक सत्यापन और गहन जांच के निर्देश दिए हैं।
सरकार का मानना है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग कर राज्य पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। हाल के महीनों में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें फर्जी राशन कार्ड और आधार के आधार पर आयुष्मान कार्ड बनवाकर बाहरी लोगों द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लिया गया।
इसके अलावा रसोई गैस कनेक्शन लेकर सब्सिडी का फायदा उठाने की भी शिकायतें सामने आई हैं। इससे पहले चलाए गए सत्यापन अभियान में करीब 70 हजार राशन कार्ड यूनिट फर्जी पाए गए थे…जिसके बाद अब अभियान को दोबारा तेज किया जा रहा है।
प्रदेश में इस समय करीब 9050 सस्ते गल्ले की दुकानों के जरिए 23 लाख से अधिक राशन कार्डों पर लगभग 95 लाख लोगों को खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है। वहीं “वन नेशन वन राशन” योजना के तहत हजारों बाहरी परिवार भी राज्य में लाभ ले रहे हैं।
सरकार अब राशन कार्ड, आधार, आयुष्मान कार्ड और गैस कनेक्शन की आपसी लिंकिंग की गहन जांच कर पूरे नेटवर्क को खत्म करने की तैयारी में है।
प्रमुख सचिव एल. फैनई द्वारा सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि विशेष टीम बनाकर सत्यापन अभियान को प्राथमिकता से चलाया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।






