
Haridwar Firing | Wedding Firing Case | Kankhal Police : शादी समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करना एक दूल्हे को भारी पड़ गया। वीडियो सामने आने के बाद कनखल पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच के बाद युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हा पिस्टल से फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो की जांच शुरू की गई…तो फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार निवासी टांडा मेहतौली, सुल्तानपुर, लक्सर के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि 26 जुलाई को लक्सर रोड स्थित एक वाटिका फार्म में योगेश कुमार की शादी की पार्टी आयोजित की गई थी। आरोप है कि समारोह के दौरान उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से बिना अनुमति फायरिंग की। फायरिंग का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच की थी। जांच में युवक की पहचान होने और शादी समारोह में लाइसेंसी हथियार से बिना अनुमति फायरिंग किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने कहा कि शादी समारोह या सार्वजनिक कार्यक्रमों में लाइसेंसी हथियार से इस तरह फायरिंग करना नियमों का उल्लंघन है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 30 आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
गनीमत रही कि फायरिंग के दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी या किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग न करें। सोशल मीडिया पर रौब दिखाने के लिए की गई ऐसी हरकत कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकती है।






