
Haldwani Accident | Road Accident | Teenager Death : हल्द्वानी-रामनगर हाईवे पर गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद घायल पिता अपने बेटे को बचाने के लिए काफी देर तक मदद तलाशते रहे। परिजनों का आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ लोग मदद करने के बजाय घटना का वीडियो बनाने में लगे रहे।
बताया गया कि गुरुवार रात करीब 11 बजे हरिशंकर अपने 13 वर्षीय बेटे कपिल के साथ सब्जी बेचकर ठेला लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान हल्द्वानी-रामनगर हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक ने उनके ठेले में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि पिता-पुत्र दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पेट में गंभीर चोट आई और उसकी आंतें बाहर आ गई थीं। पिता हरिशंकर भी घायल थे…लेकिन बेटे की हालत देखकर उन्होंने अपने दर्द की परवाह नहीं की।
हरिशंकर घायल बेटे को गोद में उठाकर मदद की तलाश करते रहे। मौके पर भीड़ भी जुट गई थी। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार वहां मौजूद कुछ लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से घटना का वीडियो बना रहे थे।
काफी प्रयास के बाद हरिशंकर ने ऑटो की व्यवस्था की और बेटे को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने कपिल को मृत घोषित कर दिया।
कपिल चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि अगर हादसे के तुरंत बाद मदद मिल जाती और कपिल को जल्द अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक पर दो युवक सवार थे। हादसे के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के बाद फरार बाइक सवारों की तलाश की जा रही है।






