
AlmoraNews | HaryanaSonInLaw | CrimeNews | UttarakhandNews : उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के धौलादेवी ब्लॉक स्थित सेली गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरियाणा से आए एक दामाद पर अपने ससुर की हत्या करने का आरोप लगा है। इस मामले में मृतक की पत्नी और बेटी को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सेली गांव निवासी चंद्रशेखर पांडे कुछ समय से गांव में रहकर खेती-बाड़ी का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी बड़ी बेटी जानकी और दामाद धर्मवीर…जो हरियाणा के हांसी क्षेत्र के रहने वाले हैं, कुछ दिन पहले गांव पहुंचे थे।
आरोप है कि घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दामाद धर्मवीर ने कथित तौर पर धारदार हथियार से चंद्रशेखर पांडे पर हमला कर दिया। आरोप यह भी है कि इस दौरान मृतक की पत्नी और बेटी भी उसके साथ थीं। हमले में चंद्रशेखर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आरोपी दामाद अपनी पत्नी के साथ मौके से फरार हो गया। बाद में ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने घायल चंद्रशेखर को घर से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया…लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हरियाणा निवासी दामाद धर्मवीर, बेटी जानकी और मृतक की पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है…और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस वारदात ने लोगों को हैरान कर दिया है।






