
Doiwala Accident | Road Accident | Dehradun News : देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में मणिमाई मंदिर के पास बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में ईको कार सवार **चार लोगों की मौत हो गई…जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया…जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार एक पिकअप वाहन हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर आगे जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पिछला पहिया निकल गया। पहिया निकलने से पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया।
इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ईको कार पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मौके पर दो लोगों ने दम तोड़ा
हादसे के बाद ईको में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायलों को पुलिस और 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान दो और घायलों की मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या चार हो गई।
घायलों को सीएससी डोईवाला, हिमालयन अस्पताल और देहरादून के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार घायलों का उपचार जारी है।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
हादसे के बाद हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर टोल के पास वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






