
Tehri | Ambika Sajwan | Land Excavation : नई टिहरी के सी ब्लॉक क्षेत्र में भू-धंसाव के मामले में प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण की पत्नी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अंबिका सजवाण के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार सी ब्लॉक स्थित दो भूखंडों पर निर्माण कार्य के दौरान गहरी और अवैज्ञानिक तरीके से खुदाई कराई गई। इससे आसपास की जमीन कमजोर हो गई…और सरकारी व निजी आवासों की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो गया। प्रभावित इलाके में एहतियात के तौर पर बैरिकेडिंग भी कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक संबंधित भूखंड अंबिका सजवाण ने पहले से आवंटित जमीन के खरीदार के रूप में लिए थे। आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान मानकों का पालन नहीं किया गया….जिससे क्षेत्र में भू-धंसाव की स्थिति बन गई।
मामले को गंभीर मानते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ने कोतवाली पुलिस को अंबिका सजवाण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
इस मामले में शिकायतकर्ता बलबीर सिंह का कहना है कि पुनर्वास विभाग की ओर से वर्षों पहले गलत स्थान पर भूमि आवंटित किए जाने के कारण अब उन्हें अपना घर छोड़कर दूसरी जगह जाना पड़ रहा है। उनकी शिकायत के आधार पर कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि खतरे को देखते हुए तीन परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अनियोजित भू-कटान से लोगों की जान-माल को खतरा पैदा हुआ है…इसलिए मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं नई टिहरी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ऐश्वर्य पाल ने बताया कि एसडीएम के आदेश के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






