
Uttarakhand News | Journalist Welfare | CM Dhami : उत्तराखंड में पत्रकारों और उनके परिवारों की मदद के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। पत्रकार कल्याण कोष से चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की गई है। वहीं गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक वरिष्ठ पत्रकार के इलाज के लिए भी पांच लाख रुपये की सहायता की संस्तुति की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष और मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना से जुड़ी समितियों की बैठक हुई। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पत्रकारों और उनके परिवारों से जुड़े सहायता के मामलों पर चर्चा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत चार वरिष्ठ पत्रकारों को हर महीने आठ-आठ हजार रुपये पेंशन देने की संस्तुति भी की गई। इस कदम का उद्देश्य वरिष्ठ पत्रकारों को आर्थिक सहारा उपलब्ध कराना है।
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग संकट का सामना कर रहे पत्रकारों और उनके परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार कल्याण से जुड़े मामलों पर नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं…ताकि पात्र लोगों के प्रकरणों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जा सके और उन्हें समय पर मदद मिल सके।
बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक केएस चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी चंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पाण्डेय और पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य गिरीश तिवारी, अमित शर्मा व शशि शर्मा मौजूद रहे।



