Udham Singh Nagar News

उत्तराखंड: 100 किलो सोने का लालच देकर लाखों ऐंठे, फिर फर्जी दरोगा बनकर दी दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी!

Ad

Khatima Fraud | Fake Police Officer | Land Fraud : खटीमा में जमीन से 100 किलो सोना निकालने का लालच देकर एक व्यक्ति से लाखों रुपये ठगने और उसकी बेशकीमती जमीन हड़पने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले तंत्र-मंत्र से सोना निकालने का सपना दिखाया गया और फिर फर्जी दरोगा के जरिए दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान कराए गए। पीड़ित के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने छह नामजद समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS Ad

मामला ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र का है। भूड़ महोलिया निवासी रणधीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता उमेश सिंह को वार्ड नंबर 12 निवासी लक्ष्मण सिंह भाटिया और उसके साथियों ने अपने झांसे में लिया। आरोप है कि उन्हें बताया गया कि उनकी जमीन के नीचे 100 किलो से अधिक सोना दबा है…जिसे एक तांत्रिक विशेष पूजा-पाठ के जरिए बाहर निकाल सकता है।

इस बात पर भरोसा करके उमेश सिंह आरोपितों के संपर्क में आ गए। शिकायत के मुताबिक पूजा-पाठ और दूसरी धार्मिक क्रियाओं के नाम पर 20 लाख रुपये से अधिक खर्च कराए गए। इसके बावजूद उन्हें लगातार मानसिक दबाव में रखा गया।

रणधीर सिंह का आरोप है कि आरोपितों की नजर उनके पिता की हाईवे से लगी कीमती जमीन पर थी। जमीन को कम कीमत पर हासिल करने के लिए साजिश रची गई और कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर व अंगूठे के निशान कराए गए। शिकायत में इन दस्तावेजों पर करीब 46 लाख और 80 लाख रुपये की अलग-अलग धनराशि दर्ज होने की बात भी कही गई है।

शिकायत कर्ता ने कहा कि एक दिन उमेश सिंह को बातचीत के बहाने कार में बैठाकर ले जाया गया। रास्ते में एक युवती को भी कार में बैठाया गया। इसके बाद वाहन को पहेनिया से अंदर की ओर ले जाया गया। आरोप है कि वहां एक व्यक्ति दो अन्य लोगों के साथ पहुंचा और खुद को खटीमा कोतवाली का दरोगा बताकर उमेश सिंह से पूछताछ करने लगा।

आरोप है कि इसके बाद उमेश सिंह को बंधक बनाकर एक फार्म पर ले जाया गया। वहां डराकर उनसे जमीन से जुड़े अलग-अलग दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान कराए गए। शिकायत में करीब 10 लाख रुपये नकद लिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि उमेश सिंह को धमकी दी गई कि यदि मांगी गई रकम नहीं दी गई तो युवती के जरिए दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराकर उन्हें जेल भिजवा दिया जाएगा। परिवार के मुताबिक इस घटना के बाद से उमेश सिंह भय और तनाव में रहने लगे।

रणधीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने लक्ष्मण सिंह भाटिया, शिव सिंह राणा उर्फ सुद्दू, कथित तांत्रिक मुकेश कुमार, कश्मीर सिंह, नंद किशोर उर्फ नेपाली और विवेक सक्सेना सहित तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 308(6), 318(4), 319(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक राकेश राय को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों के साथ जमीन से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top