Nainital-Haldwani News

उत्तराखंड: भारी बारिश से कुमाऊं बेहाल, रेलवे ट्रैक पर मलबा; कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग भी बंद

Ad

Uttarakhand | Rain Alert | Heavy Rain | Landslide : उत्तराखंड में दो दिन मौसम साफ रहने के बाद शुक्रवार सुबह से कई जिलों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण कई सड़क मार्ग प्रभावित हुए हैं। राज्य में करीब 87 मार्ग भूस्खलन के चलते बाधित बताए जा रहे हैं…जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हुई है।

ADVERTISEMENTS Ad

मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए देहरादून और नैनीताल में शुक्रवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें।

चारधाम यात्रा जारी, कैलास मानसरोवर मार्ग बंद

भारी बारिश के बीच चारधाम यात्रा जारी है…लेकिन कई जगह यात्रा मार्गों पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। वहीं कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग कई स्थानों पर बंद हो गया है।

मलघाट और एलागाड़ के पास मार्ग बंद होने की जानकारी है। थल-मुनस्यारी मार्ग भी ला झेकला के पास बाधित है। इसके अलावा तवाघाट-लिपुलेख मार्ग पर तीनतोला के पास मलबा आने से रास्ता बंद हो गया है। इससे चीन सीमा क्षेत्र का संपर्क प्रभावित हुआ है।

रेलवे ट्रैक पर आया पानी और मलबा

भारी बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। हल्द्वानी क्षेत्र में लालकुआं-काशीपुर रेलखंड के टांडा जंगल के पास रेलवे ट्रैक पर पानी और मलबा जमा हो गया। इसके चलते रेल संचालन प्रभावित हुआ।

मलबा आने के कारण काशीपुर से लालकुआं जाने वाली 55303 पैसेंजर ट्रेन का शुक्रवार का संचालन रद्द कर दिया गया।

बागेश्वर में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा

बागेश्वर में लगातार बारिश के कारण सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। वहीं पिथौरागढ़ में भी तेज बारिश जारी है। फिलहाल राज्य में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है…लेकिन प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

प्रशासन ने लोगों और यात्रियों को सलाह दी है कि अनावश्यक रूप से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचें।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top