
MBBS Counselling | Document Verification | Uttarakhand Medical Education : उत्तराखंड में MBBS दाखिलों के दौरान फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के मामले सामने आने के बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने काउंसलिंग प्रक्रिया को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। आगामी काउंसलिंग में दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान प्रशासनिक अधिकारी की मौजूदगी सुनिश्चित करने की योजना बनाई जा रही है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग चाहता है कि काउंसलिंग के दौरान एक प्रशासनिक अधिकारी को नोडल अधिकारी के रूप में नामित किया जाए। यह अधिकारी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पर नजर रखेगा।
दो चरण की काउंसलिंग पूरी
राज्य में MBBS सीटों पर दाखिले के लिए अब तक दो चरणों की काउंसलिंग पूरी हो चुकी है। तीसरे चरण की काउंसलिंग जल्द होने वाली है। इसी बीच फर्जी प्रमाण-पत्रों से जुड़े मामलों के सामने आने के बाद दस्तावेज सत्यापन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विभाग का मानना है कि प्रशासनिक अधिकारी की मौजूदगी से दस्तावेज जांच में निगरानी का एक अतिरिक्त स्तर जुड़ जाएगा। खास तौर पर आरक्षण या किसी विशेष कोटे का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों की वैधता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मेडिकल कॉलेजों के साथ हुई बैठक
इस संबंध में मेडिकल कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के अधिकारियों के साथ बैठक भी की गई। बैठक में काउंसलिंग के दौरान प्रशासनिक अधिकारी को दस्तावेज सत्यापन के लिए नोडल अधिकारी के रूप में शामिल करने पर चर्चा हुई।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि विभाग इस संबंध में प्रशासन के सामने अपनी मांग रखेगा…ताकि आगामी काउंसलिंग में दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया में प्रशासनिक अधिकारी की भी भूमिका सुनिश्चित की जा सके।
फर्जी प्रमाण-पत्र मामले के बाद बढ़ी निगरानी
दरअसल उत्तराखंड में MBBS दाखिलों से जुड़े फर्जी प्रमाण-पत्रों का मामला सामने आने के बाद जांच शुरू हुई थी। देहरादून में स्वतंत्रता सेनानी आश्रित कोटे के तहत दाखिले के लिए इस्तेमाल किए गए कुछ प्रमाण-पत्रों की वैधता पर सवाल उठे थे। मामले में तीन प्रमाण-पत्रों को निलंबित किए जाने की कार्रवाई भी सामने आई।
इसके बाद संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर MBBS में दाखिला लेने वाले अभ्यर्थियों की जांच का दायरा बढ़ाया गया। विभागीय स्तर पर संदिग्ध अभ्यर्थियों की सूची तैयार किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
करीब एक हजार MBBS सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया
उत्तराखंड में करीब एक हजार MBBS सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। दो चरण की काउंसलिंग पूरी होने के बाद अब तीसरे चरण को लेकर विभाग सतर्क है।
विभाग की कोशिश है कि अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ-साथ आरक्षण, स्वतंत्रता सेनानी आश्रित या अन्य विशेष श्रेणी के तहत प्रस्तुत किए जाने वाले प्रमाण-पत्रों की भी गहन जांच हो…ताकि गलत दस्तावेजों के आधार पर मेडिकल सीट हासिल करने की कोशिश को रोका जा सके।






