
Medical Education | Nursing Colleges | MBBS Seats : Cm Dhami : उत्तराखंड में मेडिकल और नर्सिंग की पढ़ाई को लेकर बीते पांच वर्षों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। प्रदेश में नए सरकारी मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज शुरू होने से युवाओं के लिए चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने के अवसर बढ़े हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में तीन नए सरकारी मेडिकल कॉलेज और तीन नर्सिंग कॉलेज शुरू किए गए हैं।

प्रदेश में अब छह सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। इनमें देहरादून, हल्द्वानी, श्रीनगर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और हरिद्वार शामिल हैं। इन संस्थानों में एमबीबीएस की कुल 675 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यहां 100 एमबीबीएस सीटों की मान्यता मिलने पर सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या बढ़कर 775 हो जाएगी।
सरकारी संस्थानों के अलावा उत्तराखंड में चार निजी मेडिकल कॉलेज भी हैं.…जिनमें एमबीबीएस की 900 सीटें हैं। ऋषिकेश स्थित एम्स में 125 सीटें उपलब्ध हैं। इस तरह प्रदेश में एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए कुल क्षमता करीब 1700 सीटों तक पहुंच गई है।
नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में भी नए संस्थानों से सीटों की संख्या बढ़ी है। जुलाई 2021 के बाद खुले तीन सरकारी नर्सिंग कॉलेजों में 321 सीटें जोड़ी गई हैं। अब सरकारी नर्सिंग संस्थानों में कुल 879 सीटें हैं…जबकि निजी संस्थानों में 10,616 सीटें उपलब्ध हैं। प्रदेश में सरकारी और निजी संस्थानों को मिलाकर नर्सिंग की कुल 11,495 सीटें हैं।
सरकार की ओर से युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाने के लिए भी प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए गए हैं। इसके तहत वर्ष 2023 में 60 अभ्यर्थियों को जापान में नौकरी मिली….जबकि 2025 में 13 अभ्यर्थियों को जर्मनी में रोजगार मिला।
चिकित्सा सुविधाओं और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए बजट में भी प्रावधान किए गए हैं। अनुपूरक बजट में अटल आयुष्मान योजना के लिए 100 करोड़ रुपये और गोल्डन कार्ड के लिए 125 करोड़ रुपये रखे गए हैं। इसके अलावा मेडिकल और नर्सिंग कॉलेजों के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए करीब 160 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें पिथौरागढ़ और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेजों के साथ नर्सिंग कॉलेजों से जुड़े कार्य भी शामिल हैं।





