Champawat News

उत्तराखंड: 17 साल के अमीम का कमाल! कबाड़नुमा पार्ट्स जोड़कर बना डाली ऐसी कार, देखने उमड़ी भीड़

Ad

ChampawatNews | OffRoadCar | YoungInnovator : टनकपुर के मनिहारगोठ निवासी 17 वर्षीय अमीम रहमान ने अपनी तकनीकी सोच और मेहनत से एक अनोखी ऑफ रोडिंग कार तैयार की है। करीब दो महीने की मेहनत के बाद तैयार हुई यह कार अब इलाके में लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

अमीम ने अलग-अलग असेंबल पार्ट्स को जोड़कर इस कार को तैयार किया है। इसमें होंडा शाइन का इंजन और स्कूटी के टायर लगाए गए हैं। कार में बैक गियर की सुविधा भी दी गई है। अमीम के मुताबिक यह कार 50 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार पकड़ सकती है।

इस कार को तैयार करने में करीब एक लाख रुपये की लागत आई है। खास बात यह है कि अमीम ने इसके लिए किसी औपचारिक तकनीकी प्रशिक्षण की मदद नहीं ली। उन्होंने अपने पिता मुजीबल रहमान की वेल्डिंग की दुकान पर काम करते हुए इस तरह के काम का हुनर सीखा।

पिता की दुकान से आया आइडिया

अमीम ने कहा कि उन्होंने ऑफ रोडिंग कार के बारे में पढ़ा था। स्कूल के बाद खाली समय में पिता की वेल्डिंग की दुकान पर काम करते हुए उनके मन में खुद ऐसी कार बनाने का विचार आया। इसके बाद उन्होंने जरूरी सामान जुटाया और लगातार मेहनत करके कार तैयार कर दी।

अमीम ने हाल ही में हाईस्कूल की परीक्षा दी है और आगे चलकर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं।

पालिका ने किया सम्मानित

अमीम की इस उपलब्धि को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल और सभासद हसीब अहमद ने उन्हें सम्मानित किया। जनप्रतिनिधियों ने अमीम की मेहनत की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अमीम का कहना है कि सम्मान मिलने से उसका उत्साह बढ़ा है और वह आगे भी तकनीकी क्षेत्र में नए प्रयोग करने की कोशिश करेगा। स्थानीय लोगों ने भी उसकी प्रतिभा को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है।

क्या होती है ऑफ रोडिंग कार?

ऑफ रोडिंग कार ऐसे वाहनों को कहा जाता है जिन्हें सामान्य सड़कों के अलावा ऊबड़-खाबड़, पथरीले, रेतीले या कीचड़ वाले रास्तों पर चलने के लिए तैयार किया जाता है। इनमें मजबूत ढांचा और बेहतर ग्राउंड क्लीयरेंस जैसी विशेषताएं होती हैं।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top