Dehradun News

उत्तराखंड : लापता बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष छात्र का यहाँ मिला शव

Ad

विकासनगर: सहसपुर की एक निजी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष के छात्र आयुष दयाल की गुमशुदगी का दर्दनाक अंत हो गया। दो दिन से लापता छात्र का शव सोमवार को कोट नदी से बरामद हुआ। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी विकासनगर भेज दिया है।

ADVERTISEMENTS Ad

जानकारी के अनुसार 12 अक्टूबर को छात्र आयुष दयाल (19 वर्ष) पुत्र राकेश दयाल निवासी रेलवे हरथला कॉलोनी, चन्द्रनगर, थाना सिविल लाइंस, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) अपने तीन दोस्तों…विधान कुमार नितेश कुमार गौरव और अभय चौहान के साथ भद्राज मंदिर दर्शन के लिए ट्रैकिंग पर गया था।

बताया गया कि आधे रास्ते में आयुष ने थकान का हवाला देते हुए साथियों से कहा कि वह वापस लौट रहा है। बाकी तीनों छात्र भद्राज मंदिर की ओर आगे बढ़ गए। लौटते समय जब वे नीचे आए तो रास्ते में आयुष नहीं मिला। वहीं नीचे सड़क किनारे उसकी स्कूटी खड़ी मिली लेकिन आयुष का कोई पता नहीं चला।

मामले की सूचना सहसपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रात में सर्च अभियान शुरू किया। अंधेरा अधिक होने के कारण खोज अभियान अगले दिन सुबह फिर से शुरू किया गया। एसडीआरएफ, परिजन और ग्रामीणों की मदद से संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। शाम होते-होते कोट नदी के कोटी ढलानी क्षेत्र में कोट पुल के पास छात्र का शव बरामद हुआ।

कोतवाली सहसपुर प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रथम दृष्टया आयुष की मृत्यु गीली पहाड़ी से फिसलकर पत्थरों पर गिरने से हुई प्रतीत हो रही है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आवश्यक जांच जारी है।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top