
Weather Forecast | Monsoon | Uttarakhand : उत्तराखंड में मानसून अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 21 सितंबर तक मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक अगले कुछ दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि 15 सितंबर के बाद मानसून की सक्रियता में कमी आने लगती है….और सितंबर के आखिर तक इसके राज्य से विदा होने की संभावना रहती है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार 15 सितंबर को उत्तराखंड के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज से बहुत तेज बारिश का दौर भी देखने को मिल सकता है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
16 सितंबर को भी राज्य के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं बारिश तेज से बहुत तेज हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है।
17 सितंबर को मानसून एक बार फिर कुछ सक्रिय नजर आ सकता है। पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं बादलों की गड़गड़ाहट के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
18 सितंबर से मौसम में बारिश की तीव्रता और कम होने का अनुमान है। 18 और 19 सितंबर को राज्य के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 20 और 21 सितंबर को ज्यादातर जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है।
कुल मिलाकर उत्तराखंड में मानसून अब कमजोर पड़ने की ओर है। आने वाले दिनों में बारिश का दौर पूरी तरह खत्म नहीं होगा…लेकिन इसकी सक्रियता में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। सितंबर के आखिरी दिनों में मानसून की विदाई का रास्ता भी साफ हो सकता है।






