
Ghansali Tehri News | Dowry Death Case | Uttarakhand Crime News | Newly Married Woman Death | Police Investigation : टिहरी जिले के घनसाली थाना क्षेत्र के सांकरी गांव में एक नवविवाहिता की शादी की पहली सालगिरह पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय पूनम की तबीयत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया…जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ससुराल पक्ष का दावा है कि पूनम ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की…जबकि मायके पक्ष ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।
मायके वालों का कहना है कि अगर आत्महत्या की घटना हुई थी तो उन्हें और प्रशासन को तुरंत सूचना दी जानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूनम को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि पूनम की शादी पिछले वर्ष हुई थी और उसका पति विदेश में काम करता है…जो कुछ दिन पहले ही घर लौटा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






