
Haridwar Storm : Uttarakhand Weather : Tree Fell On Railway Track : Har Ki Pauri : Haridwar News : Strong Winds : Railway Traffic Affected : उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में शनिवार को आए तेज आंधी-तूफान ने हरिद्वार में भारी नुकसान पहुंचाया। अचानक बदले मौसम के कारण कई जगह पेड़ गिर गए, बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई और यातायात भी बाधित हो गया।
रेलवे ट्रैक पर गिरा विशाल पेड़
हरिद्वार और देहरादून के बीच मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गया। पेड़ गिरने से बिजली की तारें भी टूट गईं…जिसके कारण रेल यातायात प्रभावित हो गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय ट्रैक पर कोई ट्रेन मौजूद नहीं थी…जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पेड़ हटाने और बिजली लाइनों की मरम्मत का काम तुरंत शुरू कर दिया गया।
कई ट्रेनें हुईं लेट
रेलवे ट्रैक बाधित होने के कारण देहरादून और हरिद्वार के बीच चलने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने के बाद रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को सामान्य बनाने में जुट गई।
हर की पैड़ी के पास टूटा होटल का शीशा
तेज हवाओं का असर हर की पैड़ी क्षेत्र में भी देखने को मिला। यहां एक होटल के शीशे टूटकर नीचे गिर गए। उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक यात्री के ऊपर शीशे के टुकड़े गिर गए…जिससे वह घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग भी कर दी गई।
कॉलोनी में गिरा पेड़, बिजली आपूर्ति ठप
आंधी-तूफान के कारण हरिद्वार की राज विहार फेज-2 कॉलोनी में भी एक विशाल पेड़ गिर गया। डिवाइन लाइट स्कूल के पास पेड़ गिरने से दो बिजली के पोल टूट गए और क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
पेड़ गिरने से सड़क भी कुछ समय के लिए बंद हो गई…जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन अलर्ट मोड में
तूफान के बाद प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें लगातार राहत और मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।






