
Vikasnagar Clash | Nihang Protest | Paonta Border | Uttarakhand : पांवटा-कुल्हाल सीमा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने के मामले में पुलिस ने अज्ञात निहंगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि गुरुवार रात निहंगों ने हथियारों के साथ जमकर हंगामा किया और पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी।
पुलिस के अनुसार निहंगों ने तलवार, फरसा, भाला और कुल्हाड़ी जैसे हथियार लहराते हुए पुलिस बल को डराने की कोशिश की। इस दौरान बैरिकेडिंग के पास खड़े कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा और हालात तनावपूर्ण हो गए।
मामला उस समय और बढ़ गया जब निहंगों ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए तेज रफ्तार में वाहन आगे बढ़ा दिए। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की ओर वाहन मोड़ने का प्रयास किया…जिससे मौके पर तैनात जवानों की जान खतरे में पड़ गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आम लोगों में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित किया और अतिरिक्त बल तैनात किया।
कुल्हाल चौकी प्रभारी की तहरीर पर दर्ज मामले में कहा गया है कि निहंगों ने पहले भी कर्णप्रयाग घटना के बाद इंटरनेट मीडिया पर जुटने की अपील की थी। इसके बाद प्रशासन ने सीमा पर भारी पुलिस बल, पीएसी और आईटीबीपी तैनात की थी।
पुलिस ने कहा कि कई दौर की बातचीत में निहंगों को बिना हथियार यात्रा करने और छोटे समूहों में आगे बढ़ने का प्रस्ताव दिया गया था….लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।
विकासनगर कोतवाल ने कहा कि सभी घटनाओं के वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।






