Dehradun News

उत्तराखंड: कल से शुरू होगा UPL का रोमांच, वाणी कपूर की मौजूदगी में देहरादून में होगा भव्य आगाज

Ad

Uttarakhand Premier League | Dehradun Cricket | Vaani Kapoor : क्रिकेट का रोमांच, बॉलीवुड की चमक और उत्तराखंड की लोक संस्कृति, तीनों का रंग सोमवार को देहरादून में एक साथ देखने को मिलेगा। रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में उत्तराखंड प्रीमियर लीग यानी यूपीएल के तीसरे सीजन की शुरुआत होने जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad

लीग के उद्घाटन समारोह को खास बनाने के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर मौजूद रहेंगी। इसके साथ ही उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों के चर्चित लोक गायक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। यानी क्रिकेट प्रेमियों को मैदान पर मुकाबलों के साथ लोक संगीत और मनोरंजन का भी आनंद मिलेगा।

एक अक्टूबर तक चलने वाली इस लीग में महिला और पुरुष वर्ग की कुल 11 टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत सोमवार को महिला वर्ग के मुकाबलों से होगी, जबकि पुरुष वर्ग के मुकाबले मंगलवार से शुरू होंगे।

पहले दिन महिला वर्ग के दो मुकाबले

यूपीएल के तीसरे सीजन का पहला मुकाबला सोमवार सुबह 11 बजे पिथौरागढ़ हरिकेन्स और देहरादून वॉरियर्स के बीच खेला जाएगा। इसके बाद दोपहर तीन बजे बागेश्वर एरियल और मसूरी क्वींस की टीमें आमने-सामने होंगी।

महिला वर्ग में चार टीमें खिताब के लिए मैदान में हैं। मसूरी क्वींस की कप्तानी नंदिनी कश्यप, बागेश्वर एरियल की प्रेमा रावत, पिथौरागढ़ हरिकेन्स की राघवी बिष्ट और देहरादून वॉरियर्स की श्वेता वर्मा के हाथों में है। महिला वर्ग का फाइनल 24 सितंबर को खेला जाएगा।

मंगलवार से शुरू होगी पुरुषों की जंग

पुरुष वर्ग का पहला मुकाबला मंगलवार शाम 7:30 बजे हरिद्वार एल्मास और नैनीताल टाइगर्स के बीच होगा। इसके बाद बुधवार को पिथौरागढ़ हरिकेन्स और टिहरी टाइटन्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा।

पिथौरागढ़ हरिकेन्स की टीम में आइकन प्लेयर मयंक मिश्रा और टिहरी टाइटन्स की टीम में तेजस्वी जायसवाल शामिल हैं। पुरुष वर्ग का फाइनल एक अक्टूबर को खेला जाएगा।

हर दिन होंगे दो मुकाबले

लीग के दौरान दर्शकों को प्रतिदिन दो मुकाबले देखने को मिलेंगे। लीग चरण में टीमें बेहतर प्रदर्शन कर नॉकआउट दौर में जगह बनाने की कोशिश करेंगी। इसके बाद खिताबी मुकाबलों के लिए टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।

लोक संस्कृति और बॉलीवुड का भी रंग

उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक भी दिखाई देगी। गढ़वाल से करिश्मा शाह और रुहान भारद्वाज, कुमाऊं से इंदर आर्य, जौनपुर से मंजू नौटियाल और जौनसार से अज्जू तोमर व अजय चौहान अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

वाणी कपूर की मौजूदगी से उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड का रंग भी नजर आएगा। ऐसे में यूपीएल के तीसरे सीजन के पहले दिन क्रिकेट के साथ संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top