Dehradun News

उत्तराखंड की 200 बसों पर ब्रेक, नए रूट्स पर वोल्वो चलाने की तैयारी !

Ad

Dehradun | Roadways | Delhi : दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए उत्तराखंड रोडवेज की बस सेवाओं में बदलाव होने जा रहा है। दिल्ली में 1 नवंबर से केवल बीएस-6 मानक वाले वाहनों को प्रवेश की अनुमति मिलने के कारण उत्तराखंड परिवहन निगम की करीब 200 बसें अब दिल्ली नहीं जा सकेंगी। इनमें 12 वोल्वो बसें भी शामिल हैं। इससे दिल्ली-देहरादून रूट पर चलने वाली लग्जरी बस सेवाओं पर भी असर पड़ेगा।

ADVERTISEMENTS Ad

परिवहन निगम के मुताबिक प्रदेशभर में रोजाना औसतन 934 बसों का संचालन किया जाता है। इनमें से करीब 400 बसें दिल्ली के अलग-अलग रूटों पर जाती हैं। लेकिन इन बसों में लगभग 200 बसें बीएस-6 मानक की नहीं हैं। ऐसे में नए नियम लागू होने के बाद इन बसों का दिल्ली में प्रवेश बंद हो गया है।

इसका असर सबसे ज्यादा दिल्ली-देहरादून रूट पर देखने को मिल सकता है। इस रूट पर रोजाना 25 वोल्वो बसों का संचालन होता है। इनमें से 12 बसें बीएस-6 मानक पूरा नहीं करती हैं। ऐसे में यात्रियों को वोल्वो सेवाओं के लिए कुछ बदलावों का सामना करना पड़ सकता है।

बसों की संख्या कम होने से यात्रियों को परेशानी न हो…इसके लिए परिवहन निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की है। निगम अब उपलब्ध वोल्वो बसों के फेरों की संख्या बढ़ाने की योजना बना रहा है।

रोडवेज के महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह के मुताबिक, शुरुआत में छह वोल्वो बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर सभी 13 बसों के फेरे बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा। इससे बस सेवाओं की कमी को काफी हद तक पूरा करने का प्रयास रहेगा।

उन्होंने बताया कि निगम के पास दो सीएनजी बसें भी हैं। इसके अलावा पर्वतीय मार्गों पर नई बसें संचालित हो रही हैं। इसलिए यात्रियों की सुविधा बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।

दिल्ली में प्रवेश नहीं कर पाने वाली वोल्वो बसों को दूसरे शहरों के रूट पर लगाने की तैयारी है। इसके लिए आगरा, लखनऊ और चंडीगढ़ सहित अन्य शहरों के मार्गों पर संचालन की संभावनाएं देखी जा रही हैं। नेपाल रूट पर भी वोल्वो बसें चलाने की योजना में शामिल है।

इस बदलाव से दूसरे शहरों के यात्रियों को भी लग्जरी बस सेवा का विकल्प मिल सकता है। परिवहन निगम का प्रयास है कि दिल्ली में लागू नए नियमों के बावजूद यात्रियों को बेहतर बस सुविधा मिलती रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top