Haridwar News

उत्तराखंड: पाकिस्तान हवाला नेटवर्क मामले में दूसरी गिरफ्तारी, सोनम के बाद पूजा भी गिरफ्तार

Ad

Haridwar News | Jammu Kashmir STF | Hawala Network | Suspicious Transactions | UAPA Case | Kalyar | Financial Investigation | Uttarakhand News: संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और हवाला नेटवर्क से जुड़े मामले में जांच एजेंसियों ने एक और महिला को गिरफ्तार किया है। जम्मू-कश्मीर एसटीएफ की टीम ने हरिद्वार के कलियर क्षेत्र से पूजा नाम की महिला को हिरासत में लेने के बाद न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उसे जम्मू-कश्मीर ले गई।

जानकारी के अनुसार इस मामले में इससे पहले कलियर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पूजा की भूमिका की भी जांच शुरू की गई थी।

जम्मू-कश्मीर एसटीएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया…जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे आगे की जांच के लिए जम्मू-कश्मीर ले जाया गया।

प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है। जांच एजेंसियां बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजेक्शन, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक जांच के दौरान कुछ लोगों के बीच डिजिटल माध्यमों से संपर्क और वित्तीय लेनदेन के संबंध में जानकारी मिली है। एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि धनराशि का प्रवाह किन माध्यमों से हुआ और उसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया गया।

यह मामला जम्मू-कश्मीर में दर्ज एक यूएपीए प्रकरण की जांच के दौरान सामने आया था। जांच एजेंसियों को कुछ बैंक खातों और डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल के दौरान हरिद्वार से जुड़े कुछ नामों की जानकारी मिली थी। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने कहा कि संयुक्त जांच और पूछताछ के दौरान संदिग्ध खातों में लेनदेन से जुड़े कुछ तथ्य सामने आए हैं। मामले की जांच जारी है और एजेंसियां सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।

फिलहाल जांच एजेंसियां मामले से जुड़े सभी डिजिटल और वित्तीय साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top