
Jakhan River Rescue | Dehradun News, Uttarakhand Rain : उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच देहरादून की जाखन नदी में बड़ा हादसा टल गया। तेज बहाव में एक 12 वर्षीय बच्ची बहने लगी…लेकिन मौके पर मौजूद छुट्टी पर आए सेना के एक जवान और तीन स्थानीय युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार बच्ची अपने साथियों के साथ जाखन नदी का जलस्तर देखने गई थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगी। बच्ची को बहता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इसी बीच मौके पर मौजूद छुट्टी पर आए सेना के जवान और तीन स्थानीय युवकों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद चारों ने मिलकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने सेना के जवान और युवकों की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ और साहस की वजह से एक मासूम की जान बच सकी।
इस बीच लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और बरसाती गदेरों के पास नहीं जाने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि बारिश के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ सकता है…इसलिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी कर रही हैं। पुलिस लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की चेतावनी दे रही है। जिन स्थानों पर खतरा अधिक है….वहां से लोगों को सुरक्षित जगहों पर भी भेजा जा रहा है।
हरिद्वार में भी एसडीआरएफ ने बचाई कांवड़िए की जान
उधर हरिद्वार के कांगड़ा घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक कांवड़िया गहरे पानी में डूबने लगा। घाट पर तैनात एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कांस्टेबल नितेश खेतवाल ने गंगा में छलांग लगाई और कांवड़िए को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए युवक की पहचान मनीष (23 वर्ष) निवासी सूरजकुंड, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।






