
PMAY | UttarakhandHousing | Dehradun : उत्तराखंड में पक्के घर का इंतजार कर रहे हजारों परिवारों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश में चल रही आवासीय परियोजनाओं को जल्द पूरा करने की तैयारी की जा रही है। सरकार ने सभी लंबित काम सितंबर तक पूरे करने का लक्ष्य तय किया है।
आवास विभाग के अनुसार राज्य में 18 परियोजनाओं के तहत कुल 15,496 आवास बनाए जा रहे हैं। इनमें से करीब 84 प्रतिशत यानी 12,948 आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। अब बाकी काम को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब तक 1,271 आवासों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी जा चुकी हैं। इनमें रुड़की के 768 और हरिद्वार के 503 लाभार्थी शामिल हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि लंबित परियोजनाओं को 30 सितंबर तक पूरा किया जाए….और पात्र परिवारों को दिसंबर तक घर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाए।
इन जिलों में बन रहे हैं सबसे ज्यादा घर
ऊधमसिंह नगर में सबसे ज्यादा 10,200 आवास बनाए जा रहे हैं। रुद्रपुर समेत जसपुर, सितारगंज, काशीपुर और गदरपुर के विभिन्न क्षेत्रों में ये आवास तैयार किए जा रहे हैं।
हरिद्वार में 4,528 मकान बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा नैनीताल के रामनगर में 528 आवास पूरे हो चुके हैं। देहरादून की धौलास हाउसिंग स्कीम में 240 में से 180 आवास तैयार किए जा चुके हैं।
सरकार ने बढ़ाई अपनी हिस्सेदारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य सरकार की ओर से योजना में दी जाने वाली सहायता को 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जा रहा है।
सरकार का कहना है कि आवास परियोजनाओं को समय पर पूरा कर पात्र परिवारों को जल्द घर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इससे हजारों परिवारों को सुरक्षित और पक्की छत मिल सकेगी।






