Uttarakhand News

हल्द्वानी और देहरादून से चलेगी AC एसी स्लीपर बसें, वॉल्वों से किराया होगा कम !

Ad

Uttarakhand: Transport: Bus: उत्तराखंड परिवहन निगम पहली बार वातानुकूलित (एसी) स्लीपर कोच बसों का संचालन शुरू करने जा रहा है। निगम ने 18 नई बसों के अनुबंध के लिए टेंडर जारी किए हैं, जिनमें छह एसी स्लीपर बसें और 12 एसी डीलक्स बसें शामिल हैं। प्रारंभिक चरण में ये छह स्लीपर बसें केवल दो शहरों के लिए संचालित होंगी। योजना के तहत, देहरादून से कानपुर और जयपुर मार्ग पर चार बसें तथा हल्द्वानी से जयपुर के लिए दो बसें चलाई जाएंगी।

ADVERTISEMENTS Ad

इसके साथ ही, निगम द्वारा दिल्ली, आगरा, फरीदाबाद, गुरुग्राम और लखनऊ के लिए एसी डीलक्स बसों का संचालन भी शुरू किया जाएगा। ये नई बसें टू-बाई-टू सीटिंग व्यवस्था के साथ होंगी और वॉल्वो बसों की तुलना में किराया कम रखा जाएगा, ताकि यात्रियों को किफायती दर पर आरामदायक सफर मिल सके। निगम का उद्देश्य इन बसों के माध्यम से निजी डग्गामार बसों की बढ़ती संख्या पर रोक लगाना है।

वर्तमान में निगम केवल दिल्ली, गुरुग्राम, चंडीगढ़ और कटरा मार्ग पर सुपर डीलक्स वॉल्वो बसें चला रहा है, जिनका किराया साधारण बसों की तुलना में ढाई से तीन गुना अधिक है। पहले निगम दिल्ली मार्ग पर जनरथ एसी (थ्री-बाई-टू) बसें भी संचालित करता था, लेकिन अनुबंध समाप्त होने के बाद लगभग पांच साल पहले यह सेवा बंद कर दी गई थी। इस कारण, जो यात्री साधारण बस से यात्रा नहीं करना चाहते और वॉल्वो बस का किराया वहन नहीं कर पाते, वे उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की एसी जनरथ बसों पर निर्भर हो गए हैं।

इस बीच, देहरादून से लखनऊ, कानपुर, लखीमपुर, बरेली, दिल्ली, गुरुग्राम, जयपुर, आगरा, कटरा और अमृतसर सहित कई मार्गों पर निजी बसों का संचालन तेज़ी से बढ़ा है। महाप्रबंधक (संचालन) पवन मेहरा ने बताया कि यदि नए एसी स्लीपर और डीलक्स बसों का संचालन सफल रहता है, तो इनकी संख्या भविष्य में और बढ़ाई जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad
To Top