CM Corner

उत्तराखंड में 59 नई बसों को CM धामी ने दिखाई हरी झंडी, जानिए किस मंडल को मिलीं कितनी बसें

Ad

Uttarakhand | CM Dhami | New Buses : उत्तराखंड में बस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में 59 नई बसें शामिल हो गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई बसों के सड़कों पर उतरने से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। खासकर पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में परिवहन सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

ADVERTISEMENTS Ad

परिवहन निगम की इन नई बसों को प्रदेश के तीन मंडलों में भेजा जाएगा। इनमें नैनीताल मंडल को 19 बसें दी गई हैं…जबकि टनकपुर और देहरादून मंडल को 20-20 बसें आवंटित की गई हैं। इन बसों का संचालन जरूरत के हिसाब से अलग-अलग मार्गों पर किया जाएगा।

सभी 59 बसें बीएस-06 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप हैं। इनके परिवहन निगम के बेड़े में शामिल होने से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यातायात उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए बेहतर सड़क संपर्क के साथ मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी जरूरी है। नई बसों के संचालन से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें संचालित हैं। इनमें निगम की अपनी 891 बसें और 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं। अब 59 नई बसों के शामिल होने से निगम की परिवहन सेवाओं का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग और निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र को बेहतर परिवहन सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई बसों से यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा, सचिव एवं परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top