
Government Jobs | UKSSSC Recruitment | Uttarakhand Jobs : उत्तराखंड के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में समूह-ग के 553 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है।
इस भर्ती में कनिष्ठ सहायक, कंप्यूटर सहायक, निबंधन लिपिक, टेलीफोन ऑपरेटर और सर्वे लेखपाल समेत कई पद शामिल हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
8 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 8 सितंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 7 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में संशोधन के लिए 12 से 14 अक्टूबर तक का समय दिया गया है। लिखित परीक्षा की प्रस्तावित तारीख 15 नवंबर 2026 रखी गई है।
12वीं पास अभ्यर्थी भी कर सकते हैं आवेदन
अधिकांश पदों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। वहीं लिपिकीय पदों के लिए कंप्यूटर पर हिंदी टंकण में कम से कम 4000 की-डिप्रेशन प्रति घंटे की गति जरूरी होगी।
आयु सीमा की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। सामान्य पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित है।
100 अंकों की होगी लिखित परीक्षा
भर्ती परीक्षा में 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा होगी। परीक्षा की अवधि दो घंटे रहेगी। इसमें सामान्य हिंदी से 20 अंक, सामान्य ज्ञान एवं सामान्य अध्ययन से 40 अंक और उत्तराखंड के सामान्य ज्ञान से 40 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे।
परीक्षा में गलत उत्तर के लिए 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग भी होगी।
इन पदों पर होगी भर्ती
553 रिक्त पदों में कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ सहायक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर, निबंधन लिपिक, सहायक खनिज पर्यवेक्षक, सर्वे लेखपाल, कंप्यूटर सहायक और टेलीफोन ऑपरेटर समेत विभिन्न पद शामिल हैं।
दिए गए विवरण के अनुसार इनमें निबंधन लिपिक के 55, सहायक खनिज पर्यवेक्षक के 22, सर्वे लेखपाल के 16, कंप्यूटर सहायक के 9 और राज्यपाल सचिवालय में टेलीफोन ऑपरेटर का 1 पद शामिल है। विभिन्न विभागों और कलेक्ट्रेट कार्यालयों में कनिष्ठ सहायक तथा कनिष्ठ सहायक सह डाटा एंट्री ऑपरेटर के 6 पद भी शामिल हैं।
इतना देना होगा आवेदन शुल्क
अनारक्षित और उत्तराखंड ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये रखा गया है। एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 150 रुपये शुल्क निर्धारित है।
अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना में अपनी पात्रता, पदवार योग्यता और अन्य शर्तों की जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए।






