
UPNL Employees | Salary Hike | Uttarakhand Government : उत्तराखंड में उपनल के माध्यम से विभिन्न विभागों में आउटसोर्स पर काम कर रहे कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। सरकार ने उपनल कर्मचारियों को समान वेतन और महंगाई भत्ते का लाभ देने की प्रक्रिया में बदलाव किया है। अब बड़ी संख्या में और कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सकेगा।
सरकार के संशोधित आदेश के मुताबिक एक जनवरी 2016 से पहले नियुक्त उपनल कर्मचारियों के साथ-साथ एक जनवरी 2016 से 12 नवंबर 2018 तक नियुक्त कर्मचारियों को भी न्यूनतम वेतनमान और महंगाई भत्ते का भुगतान किया जाएगा। इसके लिए कार्रवाई तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
सैनिक कल्याण सचिव युगल किशोर पंत की ओर से गुरुवार को इस संबंध में संशोधित शासनादेश जारी किया गया। नए आदेश में पहले से लागू समान वेतन व्यवस्था में संशोधन करते हुए 12 नवंबर 2018 तक नियुक्त कर्मचारियों को भी दायरे में शामिल किया गया है।
1 अप्रैल 2027 से दूसरे चरण की प्रक्रिया
सरकार के मुताबिक 13 नवंबर 2018 से 15 अक्टूबर 2024 तक निर्धारित पात्रता अवधि के बीच नियुक्त और वर्तमान में कार्यरत उपनल कर्मचारियों को वेतनमान और महंगाई भत्ते का लाभ देने की प्रक्रिया 1 अप्रैल 2027 से शुरू की जाएगी।
बाकी नियम और शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगी। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत बड़ी संख्या में उपनल कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
कर्मचारी संगठन लगातार उठा रहा था मांग
उपनल कर्मचारियों के संगठन की ओर से लंबे समय से समान वेतन और अन्य मांगों को लेकर सरकार से कार्रवाई की मांग की जा रही थी। उत्तराखंड उपनल संविदा कर्मचारी संघ ने प्रदेशभर में काम कर रहे करीब 22 हजार कर्मचारियों के चरणबद्ध नियमितीकरण को लेकर भी ठोस कदम उठाने की मांग की थी।
कर्मचारी संगठन का कहना था कि वेतन और अनुबंध से जुड़े मुद्दों को लेकर कर्मचारियों के सामने आर्थिक परेशानियां खड़ी हो रही हैं। ऐसे में सरकार के नए संशोधन को कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




