Uttarakhand News

उपनल कर्मचारियों के लिए खुशखबरी: अब मिलेगा लाखों का बीमा और बैंकिंग लाभ

Ad

Uttarakhand: UPCL: उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (UPCL) में कार्यरत उपनल कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें 50 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा पंजाब नेशनल बैंक (PNB) और उपनल के बीच हुए समझौते के तहत लागू की गई है।

ADVERTISEMENTS Ad

जानकारी के अनुसार, पिछले साल सितंबर में दोनों संस्थाओं के बीच अनुबंध हुआ था। इसके तहत उपनल कर्मचारियों के मानदेय खाते पीएनबी में खोले जा रहे हैं। इसके बाद उन्हें न केवल बीमा सुरक्षा मिलेगी, बल्कि बैंक की अन्य विशेष सुविधाओं का भी लाभ उठाने का अवसर मिलेगा।

बीमा और बैंकिंग सुविधाएं
अगर किसी कर्मचारी की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में मृत्यु हो जाती है, तो उसके आश्रितों को एकमुश्त 50 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। इसके अलावा कर्मचारियों को सालाना 40 से 100 चेक बुक पन्ने मुफ्त मिलेंगे। वे अपने खाते से दो से पांच लेन-देन जैसे RTGS, NEFT और डिमांड ड्राफ्ट भी बिना किसी शुल्क के कर सकेंगे।

ऋण सुविधाओं पर भी कर्मचारियों को राहत दी गई है। घर, गाड़ी या पर्सनल लोन लेने पर प्रोसेसिंग शुल्क में 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। वहीं, विशेष ऑफर्स के दौरान यह छूट 100 प्रतिशत तक हो सकती है।

वेतन और पेंशन खातों पर नियम
खाते खुलने के बाद उपनल कर्मचारियों का वेतन सीधे पीएनबी में जमा किया जाएगा। हालांकि, यदि लगातार दो महीने तक वेतन इस खाते में नहीं आता है, तो तीसरे महीने से बीमा जैसी सुविधाएं बंद हो सकती हैं।

पूर्व सैनिक जो उपनल के माध्यम से कार्यरत हैं और अपनी पेंशन खाता पीएनबी में स्थानांतरित करते हैं, उन्हें ‘रक्षक प्लस’ पेंशन बीमा योजना का भी लाभ दिया जाएगा।

यूपीसीएल प्रबंधन का बयान
यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि उपनल की अनुशंसा पर यह पहल शुरू की गई है, जिससे कर्मचारियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। वहीं, मानव संसाधन विभाग के अधिशासी निदेशक डॉ. आरजे मलिक ने भी सभी अधिकारियों को इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

वेतन के आधार पर कर्मचारियों की श्रेणियां

  • सिल्वर-25: 10,000 से 25,000 रुपये मासिक वेतन
  • गोल्ड-50: 25,001 से 50,000 रुपये मासिक वेतन
  • प्रीमियम-100: 50,001 से 1,00,000 रुपये मासिक वेतन
  • प्लेटिनम-200: 1,00,001 से 2,00,000 रुपये मासिक वेतन
  • टाइटेनियम: 2,00,001 रुपये से अधिक मासिक वेतन

ADVERTISEMENTS Ad
To Top