
Uttarakhand Weather | Rain Alert | Snowfall Update : उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ रही है…जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज राज्य के कुछ पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम बदल सकता है। 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। कुछ पर्वतीय इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली भी चमक सकती है।
दोपहर बाद या शाम के समय कुछ स्थानों पर गरज वाले बादल विकसित होने की संभावना है। इससे कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बारिश और बर्फबारी होने से पर्वतीय क्षेत्रों के तापमान में गिरावट आ सकती है।
प्रदेश के मैदानी जिलों में फिलहाल मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में बारिश के आसार नहीं हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया गया।
वहीं, पर्वतीय इलाकों में तापमान सामान्य से कम रहने के कारण ठंड का असर बढ़ गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पहले हुई बर्फबारी का असर भी निचले इलाकों में महसूस किया जा रहा है।
राजधानी देहरादून और आसपास के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फिलहाल प्रदेश में कोई मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और वहां जाने वाले पर्यटकों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है।



