Uttarakhand News

उत्तराखंड बोर्ड के नतीजे घोषित, रामनगर, US NAGAR और बागेश्वर से मिले प्रदेश टॉपर

Ad

Uttarakhand: Board Exam: Result: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। रामनगर स्थित बोर्ड सभागार में शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत की मौजूदगी में माध्यमिक शिक्षा निदेशक मुकुल सती ने रिजल्ट जारी किया। परिणाम जारी होते ही छात्रों और अभिभावकों में खुशी और राहत का माहौल देखने को मिला।

हाईस्कूल परीक्षा में इस वर्ष रामनगर के एमपी इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोपाल ने 500 में से 491 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर है। वहीं सरस्वती विद्या मंदिर चिन्यालीसौड़ के इशांत कोठारी और जीआईसी खैरना की भूमिका ने 490 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। विवेकानंद विद्या मंदिर मंडलसेरा बागेश्वर के योगेश जोशी ने 489 अंक लाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

इंटरमीडिएट परीक्षा में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज बागेश्वर की गीतिका पंत और भानजुराम इंटर कॉलेज यूएस नगर की सुशीला मेहंदीरत्ता ने 490 अंकों के साथ संयुक्त रूप से प्रदेश में टॉप किया। वहीं सरस्वती विद्या मंदिर आवास विकास ऋषिकेश के आर्यन ने 489 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि सरस्वती विद्या मंदिर मायापुर हरिद्वार की वंशिका 485 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

इस वर्ष उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में कुल 2,15,252 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें हाईस्कूल के 1,12,266 और इंटरमीडिएट के 1,02,986 छात्र-छात्राएं थे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रदेश भर में 1,261 केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 50 एकल और 1,211 मिश्रित केंद्र शामिल थे। इसके अलावा 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 को अति संवेदनशील घोषित कर विशेष निगरानी में परीक्षा संपन्न कराई गई।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top