Uttarakhand News

उत्तराखंड पहुंचा शहीद राहुल का पार्थिव शरीर, जयकारों से गूंज उठी पूरी देवभूमि

Ad

हल्द्वानीः जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए उत्तराखंड के लाल राहुल रैंसवाल का पार्थिव शरीर आज सुबह चंपावत पहुंच गया है। सेना के अधिकारियों के मुताबिक अभी उनके पार्थिव शरीर को एसएसबी की पंचम वाहिनी में रखा गया है। श्रद्धांजलि देने के बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके कनलगांव स्थित आवास पर ले जाया जाएगा। इसके बाद अंतिम यात्रा निकाली जाएगी और शाम तक डिप्टेश्वर घाट पर सैन्य सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की जाएगी। 

बता दें कि पहले सेना की ओर से बुधवार को उनका पार्थिव शरीर चंपावत लाने की उम्मीद जताई जा रही थी। पूरा दिन परिवारवाले इंतजार करते रहे लेकिन कुछ कारणों से शहीद का पार्थिव शरीर बुधवार को नहीं लाया जा सका। सुबह से ही राहुल की शहादत की खबर सुनकर लोग परिवारवालों को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंच गए। 25 साल के राहुल रैंसवाल की शहादत से लोगों में भावनाओं का उफान उमड़ रहा है। युवाओं ने तिरंगे के साथ जुलूस निकालकर पुलवामा के शहीद राहुल को याद किया। जब तक सूरज चांद रहेगा, राहुल तेरा नाम रहेगा नारे लगाए। 

बता दें कि नेपाल सीमा से लगे तल्लादेश के रियासीबमन गांव के फौजी राहुल रैंसवाल मंगलवार को पुलवामा में आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हो गए। राहुल पर एक मकान में महिला के पीछे छिपे आतंकी ने घात लगाकर हमला किया था। वहीं व्यापार संघ अध्यक्ष अमरनाथ सक्टा ने बताया कि बृहस्पतिवार को चंपावत बाजार बंद रहेगा। टैक्सी यूनियन के संचालक ललित मोहन भट्ट ने बताया कि बृहस्पतिवार को अंत्येष्टि होने तक चंपावत की टैक्सियों का संचालन नहीं होगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन जिलाध्यक्ष महेश चौड़ाकोटी सहित तमाम लोगों ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। 

pc- amar ujala

ADVERTISEMENTS Ad
ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top