Uttarakhand News

मौसम अपडेट उत्तराखण्ड : गिरेगा पारा, हो सकती है बारिश

उत्तराखंड के मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। पिछले हफ्ते मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट देखने को मिली है। इसी क्रम में मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आने वाले हफ्ते में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की कमी देखने को मिलेगी। इसके अलावा मैदानों से लेकर पहाड़ों तक हल्के बादल छाये रहने और उच्च हिमालयी क्षेत्र में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। 

मानसून के जाने के 29 दिन बाद तक राज्य के 11 जिलों में बारिश नहीं हुई है। इसके चलते हवा में नमी की कमी हो रही है। दिन में धूप के कारण तापमान स्थिर बना है। वहीं, धूप छिपने के बाद तेजी से तापमान गिरने लग रहा है। इस दौरान हल्की हवाएं चलने से ठंड और बढ़ने के आसार हैं। 

सोमवार की बात करें तो दून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 29.3 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वही मसूरी में तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 20.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम विभाग की मानें तो अक्टूबर महीने में राज्य में औसत बारिश 19.33 मिलीमीटर होनी चाहिए थी लेकिन अभी केवल 0.9 मिलीमीटर बारिश ही हुई। यह बारिश नैनीताल व चमोली जिले में ही हुई। अन्य 11 जिलों में पूरे अक्टूबर में बारिश नहीं हुई है, इससे हवा में धूल के कण अधिक ऊंचाई तक फैल रहे हैं। इसके चलते धूप के चले जाने के बाद तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ रही है। 

To Top