Champawat News

उत्तराखंड के लोहाघाट में बनेगा उत्तराखंड का पहला बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज

Ad

Girls sports college Lohaghat:- उत्तराखंड राज्य के युवाओं ने बीते कुछ वक्त में अपनी खेल प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन कर राज्य को गौरवान्वित महसूस करवाया है। राज्य की इन्हीं खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं की प्रतिभा निखारने हेतु मुख्यमंत्री धामी द्वारा पूर्व में लोहाघाट में बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज की घोषणा की गई थी। उत्तराखंड के चंपावत जिले के लोहाघाट में बनने जा रहे राज्य के पहले बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज के लिए अब भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जल्द ही इस कॉलेज की आधारशिला रखेंगे।

ADVERTISEMENTS Ad

राज्य की खेल मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज की तरह ही इस बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का भी निर्माण किया जाएगा। यह स्पोर्ट्स कॉलेज आवासीय होगा, जहां बालिकाओं को पढ़ने, खेलने के साथ ही आवास की सुविधा भी प्राप्त करवाई जाएगी। इस कॉलेज में उच्च स्तर की सुविधाएं विकसित की जाएगी ताकि बालिकाओं को अपने खेल कौशल को निखारने में पूर्ण मदद मिल सके।

बताते चलें कि पिछले कुछ वक्त से राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जिस तरह आज राज्य की बालिकाएं अपने खेल से राज्य व देश का नाम रोशन कर रही है, ऐसे में यह कॉलेज उनके लिए एक मील का पत्थर साबित हो सकता है।

रेखा आर्य ने बताया कि कॉलेज में छात्राओं को संतुलित भोजन, आवास, खेल किट, कॉलेज यूनिफॉर्म, पाठ्य पुस्तक एवं लेखन सामग्री, पुस्तकालय तथा चिकित्सा सुविधा निशुल्क प्राप्त करवाई जाएगी। इसके साथ ही इस कॉलेज में सभी प्रकार के खेल, शिक्षा और उच्च कोटि की सुविधा भी छात्राओं को मिलेगी। उन्होंने कहा कि बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण के बाद इसे जल्द ही प्रदेश की बालिकाओं को समर्पित कर दिया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top