Dehradun News

असम विमान हादसे में शहीद हुआ उत्तराखंड का लाल, डेढ़ साल पहले ही हुई थी शादी, अब तिरंगे में लौटेगा घर

Ad

Squadron Leader Prashant Singh | AN-32 Crash | Uttarakhand : असम के जोरहाट एयर फोर्स स्टेशन पर हुए भारतीय वायुसेना के AN-32 विमान हादसे में उत्तराखंड के स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह भी शहीद हो गए। उनके निधन की खबर मिलते ही विकासनगर और सेलाकुई क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

सेलाकुई के श्रीरामपुरम कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय प्रशांत सिंह भारतीय वायुसेना में स्क्वाड्रन लीडर के पद पर तैनात थे। उन्होंने करीब आठ वर्षों तक देश की सेवा की। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वह विमान में मौजूद थे और कर्तव्य निभाते हुए वीरगति को प्राप्त हुए।

प्रशांत सिंह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके पिता उमेश सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं…जबकि माता बृजेश देवी गृहिणी हैं। परिवार में उनकी एक बड़ी बहन भी हैं…जिनका विवाह हो चुका है।

परिजनों ने कहा कि प्रशांत सिंह का विवाह नवंबर 2024 में हुआ था। परिवार उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर कई सपने देख रहा था…लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। शहादत की सूचना मिलते ही उनके माता-पिता असम के लिए रवाना हो गए।

स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रशांत सिंह बेहद सरल स्वभाव और देशभक्ति की भावना रखने वाले युवा अधिकारी थे। उनकी उपलब्धियों पर पूरे क्षेत्र को गर्व था।

शहादत की खबर सामने आने के बाद जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सहसपुर विधायक और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि देश ने एक समर्पित और बहादुर अधिकारी को खो दिया है…जिसकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।

प्रशांत सिंह की शहादत ने पूरे उत्तराखंड को गर्व और गम दोनों का एहसास कराया है। देश सेवा के लिए उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
To Top