Uttarakhand News

वन्दे भारत ने जोड़ी उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश की राजधानियां, सुविधाजनक होगी यात्रा

Indian Railways: Vande Bharat Express: Dehradun To Lucknow:

देवभूमि उत्तराखंड के बढ़ते पर्यटन और पर्यटकों की सुगम यात्रा को विशेष महत्त्व देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ तक वन्दे भारत ट्रेन संचालन को स्वीकृति दी। वन्दे भारत की सौगात के बाद अब इन दोनों राजधानियों में ट्रेन का सफर मात्र 8 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। कम समय और ज़्यादा सुविधा के साथ यात्री आनंद के साथ अपना सफर पूरा कर पाएंगे और यात्रा के लिए महंगे विकल्पं का चयन करने की जगह वन्दे भारत को अपनी प्राथमिकता बनाएंगे। बता दें कि वन्दे भारत ट्रेन संचालन के लिए दोनों राज्यों से यात्रियों कि काफी ज़्यादा मांगे उठ रही थी जिसके लिए लखनऊ से सांसद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी इस विषय में बैठक कर निर्णायात्मक चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन्दे भारत ट्रेन की मांग पर स्वयं संज्ञान लेते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से ट्रेन रुट और ट्रेन संचालन के समय को लेकर इसकी रूपरेखा तैयार की थी। बाद में केंद्र सरकार का अनुमोदन प्राप्त होने पर अहम् भूमिका निभाने वाले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ही ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर देहरादून से रवाना किया। वन्दे भारत के लखनऊ पहुँचने पर पर्वतीय महापरिषद, लखनऊ उ0प्र0 द्वारा लखनऊ देहरादून वन्दे भारत ट्रेन का भव्य स्वागत किया। स्वागत के बाद पर्वतीय महापरिषद के अध्यक्ष गणेश चन्द्र जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने वन्दे भारत ट्रेन का उपहार देकर एक बहुत पुरानी मांग को पूरा किया है। इसी के साथ महापरिषद के अध्यक्ष गणेश जोशी ने कहा कि शीघ्र ही लखनऊ से पर्वतीय महापरिषद, लखनऊ उ0प्र0 का एक प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी का अभिनंदन करने देहरादून पहुंचेगा और उनके माध्यम से माननीय रेल मंत्री जी का भी आभार प्रकट करेगा।

यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों और राज्य सरकार की रुचि से योजनाओं को मिल रही सफलता अभूतपूर्व है। जहाँ ट्रेन में यात्रा से कई यात्री कतराते हुए दूसरे माध्यमों का चयन करते नज़र आते थे, वहीं आज हर वर्ग का व्यक्ति अपनी इच्छा अनुसार किसी भी माध्यम से यात्रा करने में सक्षम है। वन्दे भारत जैसी ट्रेनों का संचालन विकसित भारत की तरफ बढ़ते हुए आज के भारत के कदमों को गति के साथ एक नई पहचान भी प्रदान करता है। सभी यात्रियों के साथ रेल प्रबंधकों ने भी प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

To Top