National News

पीलीभीत से नहीं मिला टिकट, वरूण गांधी ने लिखी भावुक चिट्ठी…

Ad

Varun Gandhi: Pilibhit: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी को टिकट नही दिया। अब गांधी ने निर्वाचन क्षेत्र की जनता के नाम भावनात्मक चिट्ठी लिखी है। वरुण गांधी के ऑफिशियल एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट इस चिट्ठी में पूरी यात्रा के बारे में लिखा है। उन्होंने लिखा कि राजनीति में आम आदमी की आवाज उठाने आया था और आज आपसे यही आशीर्वाद मांगता हूं कि ये कार्य हमेशा करता रहूं, भले ही उसकी कोई भी कीमत चुकानी पड़े। आज जब यह पत्र लिख रहा हूं तो अनगिनत यादों ने मुझे भावुक कर दिया है।  मुझे वो 3 साल का छोटा सा बच्चा याद आ रहा है जो अपनी मां की उंगली पकड़ कर 1983 में पहली बार पीलीभीत आया था। उसे (तीन साल के बच्चे को) कहां पता था कि एक दिन यह धरती उसकी कर्मभूमि और यहां के लोग उसका परिवार बन जाएंगे। खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि वर्षों पीलीभीत की महान जनता की सेवा करने का मौका मिला। एक सांसद के तौर पर ही नहीं, एक व्यक्ति के तौर पर भी मेरी परवरिश और मेरे विकास में पीलीभीत से मिले आदर्श, सरलता और सहृदयता का बहुत योगदान है। आपका प्रतिनिधि होना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है और हमेशा अपनी पूरी क्षमता से आपके हितों के लिए आवाज उठाई।

ADVERTISEMENTS Ad

वरुण ने यह भी लिखा है कि सांसद के तौर पर मेरा कार्यकाल भले समाप्त हो रहा हो, पीलीभीत से मेरा रिश्ता अंतिम सांस तक खत्म नहीं हो सकता। सांसद के रूप में नहीं तो बेटे के तौर पर सही, आजीवन आपकी सेवा के लिए प्रतिबद्ध हूं। वरुण ने पीलीभीत के लोगों के लिए हमेशा अपने दरवाजे पहले की ही तरह खुले रहने की बात कही है और यह भी जोड़ा है कि मेरा और पीलीभीत का रिश्ता प्रेम और विश्वास का है जो किसी राजनीतिक गुणा-भाग से बहुत ऊपर है। उन्होंने अपनी चिट्ठी के अंत में लिखा है कि मैं आपका था, हूं और रहूंगा। गौरतलब है कि पार्टी ने वरुण गांधी की जगह यूपी सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद को चुनाव मैदान में उतारा है। एक दिन पहले ही वरुण की टीम की ओर से यह जानकारी दी गई थी कि वह इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे। वरुण गांधी अपनी मां मेनका गांधी के लिए सुल्तानपुर में चुनाव प्रचार करेंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top