
Vihaan Bawadi | HaldwaniNews | U14Cricket : वेंडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल गौलापार के छात्र और युवा क्रिकेटर विहान बवाड़ी ने अपनी प्रतिभा के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन प्रतिष्ठित प्रो के वी एच किड्स क्रिकेट लीग (अंडर-14) के लिए हुआ है…जिससे विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
हाल ही में बरेली में आयोजित खिलाड़ी नीलामी प्रक्रिया में देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा क्रिकेटरों ने हिस्सा लिया। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए बोली लगाई।
नीलामी के दौरान विहान बवाड़ी को लेकर कई टीमों के बीच उत्साह देखने को मिला। बरेली फ्यूचर ग्लैडिएटर्स टीम ने उन्हें 21 हजार पॉइंट्स में अपनी टीम का हिस्सा बनाया। यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम मानी जा रही है।
विद्यालय प्रबंधन ने विहान की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कम उम्र में इस स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि विहान भविष्य में भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय, क्षेत्र और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. भावना बवाड़ी, वाइस प्रिंसिपल विजय जोशी, कोऑर्डिनेटर मंजू थापा सहित समस्त शिक्षकों ने विहान को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की है।
गौरतलब है कि प्रो के वी एच किड्स क्रिकेट लीग के मुकाबले बरेली के विभिन्न मैदानों में आयोजित किए जाएंगे…जहां देशभर के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।






