
हल्द्वानी: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत 59 हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ विजय कर्नाटक ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए अपना कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है। इसके साथ ही वे विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर का कार्य पूर्ण करने वाले पहले बीएलओ बन गए हैं।
नगर निगम हल्द्वानी में लिपिक पद पर कार्यरत विजय कर्नाटक रानीबाग क्षेत्र, नई बस्ती और रोडवेज डिपो के समीप स्थित कमेटी लाइन क्षेत्र में बीएलओ का दायित्व निभा रहे हैं। उन्होंने प्री-एसआईआर अभियान की शुरुआत से ही निरंतर मेहनत करते हुए मतदाताओं के आवश्यक प्रपत्र भरवाने और सत्यापन कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया।
सोमवार, 22 जून को उन्होंने अपने क्षेत्र का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा होने की रिपोर्ट सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी को सौंप दी। इस उपलब्धि पर सिटी मजिस्ट्रेट ने विजय कर्नाटक की सराहना करते हुए उनके कार्य की प्रशंसा नगर आयुक्त पारितोष वर्मा से भी की।
विजय कर्नाटक ने अपनी सफलता का श्रेय सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, बीएलओ सुपरवाइजर विनोद भट्ट, अतिरिक्त एईआरओ राजेश पांडे, अपने सहयोगियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए तथा क्षेत्र की जागरूक जनता को दिया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के सहयोग और विश्वास के बिना यह लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं था।
क्षेत्र के लोगों ने भी विजय कर्नाटक की कार्यशैली और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है। एसआईआर अभियान में उनकी यह उपलब्धि अन्य बीएलओ के लिए भी प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।






