Champawat News

उत्तराखंड के लिए गर्व की बात, ग्राम प्रधान हरीश चंद्र जोशी भारतीय सेना में हुए भर्ती

Ad

Uttarakhand News: देवभूमि उत्तराखंड के लाल यूं तो दशकों से मां भारती की सेवा के लिए भारतीय सेना का हिस्सा बनते रहे हैं। देशसेवा करने के लिए सेना में भर्ती होना, यहां युवाओं की पहली पसंद रहा है। कुछ ऐसी ही देशभक्ति के जज्बे की खबर जब चम्पावत के मौराड़ी ग्राम पंचायत से आई तो न केवल उत्तराखंड बल्कि देशभर के लोग हैरान हो गए। दरअसल यहां किसी आम युवा का नहीं बल्कि ग्राम प्रधान पद पर तैनात एक युवा का चयन सेना में हुआ है। जिसने भी ग्राम प्रधान के सेना का हिस्सा बनने की खबर सुनी वह हक्काबक्का रह गया।

ADVERTISEMENTS Ad

जानकारी के मुताबिक, चम्पावत जिले के मौराड़ी ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान हरीश चंद्र जोशी सेना में भर्ती हो गए हैं। वह ग्राम प्रधान पद पर रहते हुए लंबे समय से भारतीय सेवा में भर्ती की तैयारी पर जुटे थे। अब जब वह सेना में भर्ती हुए तो उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसी के साथ बाराकोट विकासखंड में अब प्रधान के तीन पद खाली हो गए हैं। मौराड़ी के प्रधान हरीश जोशी ने सहायक विकास अधिकारी पंचायत को अपना इस्तीफा सौंपा है। हरीश सेना के पर्यावरण यूनिट 130 टीए में चयनित हो गए हैं।

इधर, ग्राम प्रधान हरीश चंद्र जोशी के सेना में भर्ती होने की खबर से परिवार में खुशी का माहौल है। गांव के लोग भी उन्हें बधाई देने पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह से हरीश ने पूरी कर्मठता से गांव और ग्रामीणों की सेवा की है, वैसे ही अब देशसेवा भी करेंगे। इधर, हरीश चंद्र जोशी ने भी ग्रामीणों के भरोसे को कायम रखने और देश के प्रति अपने कर्तव्य को पूरी निष्ठा से निर्वाहित करने का संकल्प लिया है। बहरहाल पूरे क्षेत्र में ग्राम प्रधान के सेना में भर्ती होने की खबर चर्चा का विषय बनी हुई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top