Uttarakhand News

उत्तराखंड के सभी जिलों में बारिश को लेकर अपडेट, कई मार्ग भी हुए बंद

Uttarakhand Weather
Ad

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताते हुए देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की संभावना है। संवेदनशील पर्वतीय इलाकों में कम समय में तेज से अति तीव्र वर्षा, आकाशीय बिजली और भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।

ADVERTISEMENTS Ad

सोमवार को हुई भारी बारिश का असर कई जिलों में देखने को मिला। पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में नेगल गाड़ पर बना अस्थायी पुल तेज बहाव में बह गया, जिससे तीजम और उमचिया गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया। वहीं गंगोत्री हाईवे पर डबरानी और नेताला के पास मलबा आने से यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। यमुनोत्री हाईवे पर स्यानाचट्टी के समीप भूस्खलन के कारण करीब पांच घंटे तक आवाजाही ठप रही। बाद में मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को दोबारा खोल दिया गया।

राजधानी देहरादून में भी सुबह से बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग ने दिनभर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों का पूर्वानुमान जताया है। देहरादून का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 जुलाई को प्रदेश में मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा। कई स्थानों पर तेज बारिश, आकाशीय बिजली और पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका है। 10 जुलाई को भी कुमाऊं मंडल के अधिकांश तथा गढ़वाल मंडल के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदियों, बरसाती नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top